प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शहर आगमन से पहले कैश के लिए एटीएम में लाइन लगाने से शहरवासियों को राहत मिली। रविवार को शहर के लगभग 60 फीसदी एटीएम नोटों से भरे रहे। लेकिन ज्यादातर एटीएम में सौ या दो हजार का नोट मिला। बैंक अधिकारियों की मानें तो सोमवार को भी बैंकों और एटीएम से सहजता से कैश मिलेगा।
नोट बंदी के कारण रोजाना लाइनों में लग रहे शहरवासियों में दिन बीतने के साथ ही रोष भी बढ़ रहा था। लोगों की परेशानी की जानकारी स्थानीय भाजपा नेता लगातार आलाकमान तक पहुंचा रहे थे। इसके चलते पीएम की रैली से पहले बैंकों को शहर के सभी एटीएम फुल करने के निर्देश जारी किए गए। बैंक अधिकारियों के मुताबिक रिजर्व बैंक से शुक्रवार देर शाम को कैश मिलने के बाद शनिवार को इन्हें बैंकों के एटीएम में डलवा दिया गया है। अधिकतर एटीएम में कैश उपलब्ध है।
शाखा प्रबंधक मांग रहे कैश
कई बैंकों के एटीएम अब तक नहीं शुरू हुए हैं। इनके शाखा प्रबंधक कैश डालने वाली एजेंसियों को फोन कर पीएम की रैली से पहले एटीएम में कैश पहुंचाने की मांग कर रहे हैं।