कानपुर। विजय हजारे ट्रॉफी के लिए उत्तर प्रदेश की टीम तैयार करने की कवायद तेज हो गई है। रणजी ट्रॉफी और कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी की टीमें घोषित होने के बाद अब यूपी क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने घरेलू प्रतियोगिता के लिए संभावित खिलाड़ियों को परखना शुरू कर दिया है। कमला क्लब में चल रहे छह दिवसीय अभ्यास शिविर के दूसरे दिन सोमवार को खिलाड़ियों की तकनीक और फिटनेस पर विशेष ध्यान दिया गया।
अभ्यास सत्र के दौरान सीनियर चयन समिति के सदस्यों ने नेट्स पर खिलाड़ियों की क्षमता का आकलन किया। बल्लेबाजों को स्पिन और तेज गेंदबाजों के सामने अभ्यास कराकर उनकी तकनीक, फुटवर्क, शॉट चयन और गेंदों को समझने की क्षमता परखी। वहीं, गेंदबाजों की लाइन-लेंथ, गति, नियंत्रण और विविधता को भी देखा गया। शिविर में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर संभावित टीम को अंतिम रूप देने की दिशा में चयन समिति आगे बढ़ेगी।