कानपुर। यूपी टी-20 लीग की फ्रेंचाइजी कानपुर सुपरस्टार्स के चयन ट्रायल में खिलाड़ियों ने टी-20 जैसा स्टाइल दिखाया। उन्होंने जहां हेलीकॉप्टर, स्वीप, रिवर्स और अन्य गगनचुंबी शॉट्स लगाए, वहीं इन स्विंग, आउट स्विंग, गुगली गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। अगला ट्रायल जुलाई से आगरा में होगा। इसमें चयनित खिलाड़ियों को यूपी टी-20 में फ्रेंचाइजी की ओर से खेलने का मौका मिलेगा।
कमला क्लब में हुए ट्रायल के दूसरे दिन कानपुर, जालौन, फिरोजाबाद, आगरा, कानपुर देहात समेत अन्य जिलों के 213 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पहले दिन 397 खिलाड़ी शामिल हुए थे। चयनकर्ता ज्ञानेंद्र पांडे और उनकी टीम ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से मूल्यांकन किया। ट्रायल के दौरान बल्लेबाजों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी, क्षेत्ररक्षण, विकेट कीपिंग से चयनकर्ताओं को प्रभावित करने का प्रयास किया। फ्रेंचाइजी से जुड़े लव मलिक ने बताया कि ट्रायल का अगला चरण 18 जुलाई को आगरा में आयोजित होगा। इसके बाद संभावित 23 जुलाई को आगरा में ही फाइनल राउंड के ट्रायल कराए जाएंगे, जिनके आधार पर यूपी टी-20 लीग के आगामी सीजन के लिए कानपुर सुपरस्टार्स की मजबूत और संतुलित टीम का चयन किया जाएगा।