जिला जेल, माती के बंदी करौंदा, आम, आंवला और जामुन का स्वाद ले सकेंगे। सामाजिक दायित्व योजना के अंतर्गत राजकीय बीज निगम ने जिला जेल में एक हजार फल व फूलदार पौधे लगाए हैं।
इसके साथ ही मछली की प्रजातियां भी जेल परिसर में विकसित होंगी। बुधवार को राष्ट्रीय बीज निगम लिमिटेड भारत सरकार की ओर से सामाजिक दायित्व योजना के अंतर्गत जिला जेल में पर्यावरण, स्वास्थ्य, जल संरक्षण, मत्स्य पालन समेत अन्य योजनाओं का प्रदर्शन किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य जितेंद्र सिंह चौहान जेलर एसपी त्रिपाठी, राष्ट्रीय बीज निगम लिमिटेड के क्षेत्रीय प्रबंधक एसएन सिंह आदि ने जेल परिसर को हरा-भरा बनाने का कार्य किया।
जेल परिसर मेें एक हजार पौधे लगाए गए इसमें नीबू, करौंदा, जामुन, कटहल, आम, नीम, यूकेलिप्टस, आंवला, पापुलर के पौधे हैं। डाक्टरों की टीम ने बीमार बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया।
जेलर एसपी त्रिपाठी ने बताया कि माती जेल में जेल मैनुअल के अधिकांश मानक पूरे हैं। आईएसओ से प्रमाणित भी है। वह लगातार जेल में सुविधाएं बेहतर करने का प्रयास कर रहे हैं।
विधिक सेवा प्राधिकरण सदस्य जितेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि दो वर्षों से लगातार विजिटर के रूप में निरंतर जेल में जा रहे हैं। अधिकतर व्यवस्थाएं दुरुस्त हैं।