यूपी विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा सीट जीतने के बाद उत्साह में आई भाजपा ने 2019 की तैयारी भी शुरू कर दी है। पार्टी ने मुलायम सिंह, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और डिंपल यादव के गढ़ को जीतने का एजेंडा भी जारी कर दिया है।
केंद्रीय इकाई से सभी क्षेत्रीय इकाइयों को निर्देश
केंद्रीय इकाई से सभी क्षेत्रीय इकाइयों को निर्देश मिला है कि पूरे देश की 110 लोकसभा सीटें ऐसी हैं, जहां पर भाजपा को इस बार ज्यादा मेहनत करने की जरूरत है। जिसमें कुछ सीटों पर पिछले चुनाव में भाजपा मुश्किल से जीती थी, कुछ पर हार का मुंह देखना पड़ा था।
यूपी में इस तरह की 18 लोकसभा सीटें चिन्हित
यूपी में इस तरह की 18 लोकसभा सीटों को चिन्हित किया गया है। होली के एक दिन पहले जिस समय देश भर में होलिका दहन की तैयारी चल रही थी। भाजपा यूपी, मणिपुर और गोवा में सरकार बनाने की तैयारी के साथ-साथ अगले लोकसभा चुनाव की तैयारी में व्यस्त थी। क्षेत्रीय इकाइयों को यह साफ निर्देश दिए गए हैं कि इस बार यूपी की हर लोकसभा सीट को जीतना है। कहा गया है कि पार्टी को सबसे ज्यादा फोकस उप्र की उन प्रमुख सीटों पर रखना है, जिस पर विपक्षी पार्टियों के दिग्गज नेताओं का दबदबा है।
पिछले चुनाव में भाजपा ने जीती थी 73 सीटें
पिछले लोकसभा चुनाव में यूपी से भाजपा ने कुल 73 सीटें जीती थीं। जिसमें समर्थित दल अपना दल की दो सीट प्रतापगढ़ और मिर्जापुर शामिल है। बाकी सात सीटें जहां पर कांग्रेस और सपा को जीत मिली है। इन पर पार्टी का फोकस रहेगा ही।
11 सीटें ऐसी जहां भाजपा को करनी होगी तगड़ी मशक्कत
इसके अलावा 11 सीटें ऐसी भी हैं जहां पर भाजपा को जीतने के लिए मशक्कत करनी पड़ी है। इन सभी सीटों पर ज्यादा काम करने की जरूरत बताई गई है। इसके लिए सभी पदाधिकारियों को अलर्ट कर दिया गया है। कहा गया है कि विधानसभा चुनाव में जीत की खुशी मनाने के साथ-साथ नए टारगेट पर भी ध्यान रखना है।
भाजपा के टारगेट पर अब ये बड़ी सीटें
यह लोकसभा सीटें रहेगी निशाने पर रायबरेली सांसद सोनिया गांधी, अमेठी सांसद राहुल गांधी, आजमगढ़ सांसद मुलायम सिंह यादव, कन्नौज सांसद डिंपल यादव, मैनपुरी सांसद मुलायम सिंह यादव, बदायूं सांसद धर्मेद्र यादव, फिरोजाबाद सांसद अक्षय प्रताप यादव के अलावा जिन सीटों पर भाजपा को 80 हजार वोट से भी कम मार्जिन पर जीत मिली हैं। इस तरह की 11 लोकसभा सीटें शामिल हैं। जिसमें संभल, सीतापुर, कौशांबी, बस्ती, गाजीपुर, रामपुर, इलाहाबाद, लालगंज, सहारनपुर, कैसरंगज और हरदोई लोकसभा सीट शामिल है।
इसमें संभल सीट पर सबसे कम जीत का अंतर (5174) रहा। बैठक में पदाधिकारियों को मिले निर्देश भाजपा क्षेत्रीय इकाई की बैठक में अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, महामंत्री संगठन ओमप्रकाश ने सभी पदाधिकारियों को केंद्रीय इकाई के इस निर्देश से भी अवगत करा दिया है। प्रदेश सरकार के शपथ लेने के साथ ही अगली तैयारी योजना पर भी काम शुरू हो जाएगा। क्षेत्रीय और जिला इकाइयों की टीम बनाकर इस अभियान का शुरू करना है।