पिंटू सेंगर हत्याकांड में फरार हत्यारोपी भाइयों सउद और महफूज अख्तर ने मंगलवार दोपहर को कानपुर कोर्ट में सरेंडर कर दिया। बता दें कि पिंटू सेंगर हत्याकांड में फरार हत्यारोपी भाइयों सउद और महफूज अख्तर के पूर्वांचल के बाहुबली नेता की शरण में जाने की आशंका थी।
यह नेता इनका रिश्तेदार है और शुरू से ही दोनों को बचाने की पैरवी में भी लगा था। वहीं दोनों आरोपी कोर्ट में सरेंडर करने की फिराक में भी थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जब फरार आरोपियों की धरपकड़ तेज की गई है तो इन दोनों ने नेता की शरण ली थी। एसपी पूर्वी राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि हत्याकांड में चार आरोपी फरार हैं। महफूज के खिलाफ एनबीडब्ल्यू लेने को अर्जी दी गई थी। अन्य के खिलाफ पहले ही वारंट जारी हो चुका है।
दोनों इंस्पेक्टरों को नोटिस जारी
केस में महफूज अख्तर का नाम तत्कालीन इंस्पेक्टर राम कुमार गुप्ता ने हटाया था। इसके अलावा दो अन्य आरोपियों के नाम बाहर करने के साथ ही मुख्य आरोपी मनोज गुप्ता व वीरेंद्र पाल को 169 की कार्रवाई कर जेल से बाहर निकालने का प्रयास इंस्पेक्टर रवि कुमार श्रीवास्तव ने किया। जांच कर रहे एसपी पश्चिम डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि दोनों विवेचकों को नोटिस जारी किया गया है। उनके बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।