झींझक। सिकंदरा-झींझक मार्ग पर रविवार तड़के मनकापुर पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़ी पिकअप में तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। इससे पिकअप पलट गई। हादसे में सब्जी व्यापारी की मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया है।
मंगलपुर थाना क्षेत्र के चक्केपुरवा निवासी बलवीर (35) पुत्र जगदीश कानपुर की चकरपुर मंडी से सब्जी खरीद कर क्षेत्र की छोटी मंडियों में दुकानदारों को बेचते थे। रविवार तड़के वह अपने साथी भूरा (34) पुत्र सुघर सिंह के साथ पिकअप में टमाटर और हरी मिर्च लेकर झींझक मंडी आ रहे थे। सुबह करीब 4:30 बजे मनकापुर पेट्रोल पंप के पास दोनों सड़क किनारे वाहन खड़ा कर खराब सब्जियां अलग कर रहे थे। इसी दौरान झींझक की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। इससे पिकअप के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और पलट गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी झींझक पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने बलबीर को मृत घोषित कर दिया जबकि भूरा की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बलबीर की मौत की पर पत्नी रूबी, मां लीलावती, भाई रामनरेश, सर्वेश, ब्रजेश व परिजन रोने लगे। सीएचसी के डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि बलबीर की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। मंगलपुर थानाध्यक्ष महेश दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दोनों वाहनों को कब्जे में लिया गया है। मौके से भागे चालक की तलाश की जा रही है। मामले में तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।