जालौन-औरैया मार्ग पर तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं बाइक सवार तीसरे युवक की हालत गंभीर देख उसे झांसी रेफर किया गया। पुलिस का कहना है कि तीनों युवक हेलमेट नहीं लगाए थे। फरार पिकप चालक की तलाश की जा रही हैं।
मोहल्ला खटीकान, जालौन निवासी कल्लू (32), दिलशाद (30) और मुंतजिर (31) एक ही बाइक पर सवार होकर सुबह करीब 7 बजे जालौन से औरैया जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक दौन बिचौली गांव के पास पहुंची थी तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में सीधी टक्कर मार दी। जिससे तीनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए और बाइक के भी परखच्चे उड़ गए। हादसा देख चालक पिकअप मौके पर ही छोड़कर भाग निकला, पिकअप में सब्जी लदी थी। राहगीरों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी तब तक कल्लू की मौके पर मौत हो चुकी थी।