इटावा जिले के ताखा में घने कोहरे के कारण तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार छात्रों को टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत हो गई और साथी घायल हो गया। दोनों छात्र आईटीआई इटावा जा रहे थे। ऊसराहार थानाक्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी हिमांशु उर्फ मोनू (18) पुत्र राजवीर व रवि (16) पुत्र मनोज कुमार एक ही बाइक पर सवार होकर सुबह करीब 7 बजे आईटीआई इटावा जा रहे थे।
कछपुरा पुलिया के पास घने कोहरे में सामने से आ रही पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। ईएमटी आदित्य कुमार व चालक महावीर सिंह ने दोनों घायलों को सरसई नावर सीएचसी पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने घायलों को आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई रेफर कर दिया।
जहां इलाज के दौरान हिमांशु उर्फ मोनू की मौत हो गई। वहीं रवि की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। थानाध्यक्ष ऊसराहार गंगादास गौतम ने बताया कि घने कोहरे की वजह से हादसा हुआ है। एक की मौत हो गई है। चालक पिकअप लेकर भाग गया है। उसकी तलाश की जा रही है। बाइक चालक हेलमेट लगाए था।