चयन ट्रायल में प्रतिभाग करते खिलाड़ी।
- फोटो : संगठन
कानपुर। खेलो इंडिया, नगर निगम और स्मार्ट सिटी मिशन की ओर से आर्यनगर स्थित द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में शुक्रवार को ईडब्ल्यूएस वर्ग के बच्चों के लिए चयन ट्रायल हुआ। इसमें प्रतिभागियों की शारीरिक क्षमता और खेल कौशल का मूल्यांकन किया गया।
नगर निगम को ईडब्ल्यूएस श्रेणी में कुल 424 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनके सत्यापन के बाद 256 बच्चों को ट्रायल में शामिल किया गया। चयन प्रक्रिया के तहत पहले फिजिकल फिटनेस टेस्ट हुआ, जबकि दोपहर 12 बजे से इंडिविजुअल स्पोर्ट्स स्किल टेस्ट के माध्यम से खिलाड़ियों की दक्षता परखी गई।
ट्रायल में बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, जूडो, कबड्डी, कराटे, शूटिंग, टेबल टेनिस और ताइक्वांडो सहित विभिन्न खेलों में बच्चों ने प्रतिभाग किया। चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिए नगर निगम ने सात सदस्यीय कोऑर्डिनेशन कमेटी का गठन किया है।
ट्रायल के बाद चयनित बच्चों की सूची तीन जनवरी को जारी की जाएगी। चयनित प्रतिभागियों से चार जनवरी तक मेडिकल सहित सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराई जाएंगी। इसके बाद खिलाड़ियों के प्रशिक्षण का सातवां बैच पांच जनवरी सोमवार से टीएसएच में शुरू होगा।