गाजीपुर(फतेहपुर)। थाना क्षेत्र के प्रसाद तारा में एक किशोरी ने मौसी के घर में फांसी लगाकर जान दे दी। थानेदार के मुताबिक किशोरी का दिमागी संतुलन ठीक नहीं रहता था।
बांदा के सुनील तिवारी की बेटी राधा (16) का काफी समय से दिमागी संतुलन ठीक नहीं था। उसका इलाज चल रहा था। कुछ दिन पहले परिजन उसे प्रसाद तारा गांव में रहने वाली राधा की मौसी प्रियंका के पास छोड़ गए थे। बुधवार की सुबह प्रियंका और राधा के मौसा दीपू खेत पर काम करने के लिए चले गए। राधा ही घर में अकेली थी। यह दोनों दोपहर एक बजे घर लौटे। दरवाजा खुलवाने पर नहीं खुला तो पड़ोसियों को बुला लिया। आंगन के सहारे अंदर झांका गया तो किशोरी का शव आंगन के बगल की छत में साड़ी के फंदे से झूल रहा था।
थानेदार कमलेश कुमार पाल ने बताया कि दिमागी संतुलन सही न होने की वजह से किशोरी के फांसी लगाकर जान देने की बात प्रथम दृष्टया सामने आई है। पोस्टमार्टम को शव भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट से सारी तस्वीर साफ हो जाएगी।