कानपुरः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर रसोई गैस सब्सिडी छोड़ने वाले लोग रसोई गैस के बढ़ते दामों से परेशान होने लगे हैं। यह लोग अब अपनी रसोई गैस सब्सिडी वापस मांग रहे हैं। शहर में करीब एक हजार लोग अपनी एजेंसियों से संपर्क कर रसोई गैस पर सब्सिडी वापस करने के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूछ चुके हैं।
दरअसल, प्रधानमंत्री ने आर्थिक रूप से संपन्न लोगों से रसोई गैस सब्सिडी छोड़ने का आह्वान किया था। इस पर शहर के आठ हजार लोगों ने अपनी रसोई गैस सब्सिडी छोड़ दी थी। यह लोग रसोई गैस सिलिंडर का पूरा पैसा देते हैं। अब लगातार रसोई गैस सिलिंडर के दाम बढ़ते जा रहे हैं। छह माह पहले तक 558 रुपये में मिलने वाले सिलिंडर की कीमत अब 897.50 रुपये हो गई है। अब सिलिंडर पर 396.60 रुपये सब्सिडी है।
ऐसे वापस ले सकते
आईओसी के सेल्स अफसर खुशमीत सिंह ने बताया कि रसोई गैस सब्सिडी छोड़ने वाले उपभोक्ता अपनी सब्सिडी वापस ले सकते हैं। उपभोक्ता को अपनी रसोई गैस एजेंसी में सब्सिडी वापस करने के लिए आवेदन करना होगा। एजेंसी इस आवेदन को संबंधित ऑयल कंपनी (आईओसी, एचपी, बीपीसी) के पोर्टल पर अपलोड करेगी। 15 दिन के अंदर उपभोक्ता को सब्सिडी के दायरे में शामिल कर लिया जाएगा।