माई सिटी रिपोर्टर कानपुर। बिरहाना रोड हॉटस्पॉट पर रविवार को एक और महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई। इससे क्षेत्र के लोगों में हड़कंप मच गया। जिस वक्त स्वास्थ्य विभाग की टीम पॉजिटिव मरीज को लेने आई उस वक्त पूरे क्षेत्र के लोग घरों की खिड़कियों से झांककर सीन देखते रहे। स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ कलेक्टरगंज व फीलखाना पुलिस भी थी जो पॉजिटिव महिला को एंबुलेंस में ले गई। साथ ही पीली बिल्डिंग में रहने वाले दो अन्य लोगों को बस से क्वॉरेंटाइन के लिए भेजा गया। मरीज को भेजने के बाद पुलिस टीम ने अनाउंसमेंट करके क्षेत्र के लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा। यह भी कहा कि कोई भी घर से किसी भी हालत में बाहर न निकले। सब्जी फल की आवश्यकता हो तो थाने फ़ोन करे वे होम डिलीवरी के माध्यम से सभी जरूरत का सामान उपलब्ध कराएंगे। फीलखाना और कलेक्टर गंज थाना का नंबर भी लोगों को अनाउंसमेंट करके लिखवाया ताकि जरूरत और मुश्किल वक़्त में वे उनसे सीधा संपर्क कर सकें। लोगों ने की शिकायत, बोले फोटो खींचो क्षेत्र के लोगों ने पुलिस वालों से शिकायत की कि पीली बिल्डिंग के कुछ लोग अभी भी क्षेत्र में घूम रहे हैं और इधर-उधर थूक रहे हैं। इस पर पुलिस ने कहा कि ऐसा काम करनेवालों की फोटो खींचकर थाने के नंबर पर व्हाट्सएप करें। ऐसे लोगों के खिलाफ एफ आई आर दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी। पुलिस वालों ने यह भी अपील की कि सभी लोग अपने आप को घर में क्वॉरेंटाइन रखें और किसी भी हालत में घर से बाहर न निकले।