पुखरायां। कस्बा के विवेकानंद नगर रोड पर पड़े नोटों को देखकर हर कोई अंचभित हो गया। जब तक कुछ समझ पाते तब तक एक बाइक से आए दो युवक रुपये उठाकर रफूचक्कर हो गए।
मंगलवार दोपहर कस्बे के विवेकानंद नगर रोड पर 500-500 रुपये के नोट पड़े थे। पूरे रास्ते में पड़े होने के कारण किसी ने भी साजिश की आशंका से नोटों को हाथ नहीं लगाया।
कुछ लोग यह कहकर नजरंदाज करने लगे कि नकली नोट होंगे। थोड़ी ही देर में एक बाइक से दो युवक आए और रुपयों को उठाकर झोले में भरकर रफूचक्कर हो गए।
मोहल्ले के मुलायम सिंह यादव, अजीत सचान, विनोद सचान, मनीष मिश्र, मोहित सचान ने बताया कि रुपये लगभग पचास हजार से अधिक होंगे। जो दिनभर कस्बा में चर्चा का विषय बना रहा।
कस्बा चौकी इंचार्ज विकल्प चतुर्वेदी ने बताया कि उनको सूचना नहीं दी गई है। किसी ने रुपये खोने की भी शिकायत अभी तक नहीं की है।