राजपुर/संदलपुर। मौसम में बदलाव से ताल-मेल न बिठा पाने से लोग बीमार हो रहे हैं। सर्दी-खांसी के साथ ही लोग टाइफाइड बुखार की चपेट में आ रहे हैं। डॉक्टरों ने बदलते मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी।
राजपुर पीएचसी में आयोजित आरोग्य मेले में विभिन्न रोगों के 61 मरीज पहुंचे। डाॅक्टरों ने सभी मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर इलाज किया। मेले में डाॅ. आशीष मिश्रा ने बताया कि वायरल और त्वचा के रोगियों के अलावा शुगर के मरीजों संख्या में वृद्धि हुई है। इसकी वजह खेतों में अंधाधुंध रासायनिक खादों व कीटनाशकों प्रयोग है। कस्बा के संतोष सिंह, नंदना के महबूब अली समेत कई रोगी पहुंचे थे। उन्हें शुगर की बीमारी थी। मालती, शालिनी, जगदेवी में खून की कमी तो वहीं, संजय, नवीन, सौरभ व प्रियंका बुखार से पीड़ित मिले।
लैब टेक्नीशियन प्रतिपालेंद्र सिंह ने मेले में आए शुगर के 10, टाइफाइड के पांच, दो मरीजों के पेशाब, चार की मलेरिया, पांच की बुखार की जांच की। मेला में डॉ. मनोज सर्राफ, गोविंद सिंह, राम सिंह मौजूद रहे। वहीं पीएचसी उरसान में 71 मरीजों का चिकित्सक ने इलाज कर दवा दी। इसमें से बुखार से पीड़ित आठ मरीजों की मलेरिया की जांच की गई लेकिन कोई मरीज संक्रमित नहीं मिला। पीएचसी प्रभारी डॉ. नदीम खान ने बताया कि मौसम बदलाव के चलते बुखार, खांसी व जुकाम के मरीज ज्यादा आए। सभी मरीजों को दवाएं देने के साथ ही बदलते मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी गई। साथ ही बुखार से पीड़ित मरीजों को ठंडा पानी न पीने की सलाह दी गई है।