कानपुर। बाबूपुरवा में मुर्गा मार्केट से ईसाइयों के मैदान तक सड़क का चौड़ीकरण व नाला निर्माण किया जाना है। इसमें स्थायी अवैध कब्जे बाधा बने हुए हैं। अमर उजाला ने इस मुद्दे को उठाया तो लोगों ने खुद से कब्जे हटाना शुरू कर दिया। साथ ही नगर निगम ने एक बार फिर से नोटिस जारी कर 15 दिन का समय दिया है।
बाबूपुरवा मुर्गा मार्केट से आजादनगर, मुंशीपुरवा, स्कूल, ईसाइयों का मैदान की ओर आने व जाने के लिए मुर्गा मार्केट के जाम से लोगों को परेशान होना पड़ता है। इसको देखते हुए मुर्गा मार्केट से बेटू शर्मा के मकान तक सड़क व नाला बनाने का काम नगर निगम ने 36 लाख रुपये से स्वीकृत किया है। इस निर्माण में स्थायी अवैध कब्जे बाधा बने हुए हैं। यह समस्या अमर उजाला ने 12 जनवरी के अंक में प्रकाशित की थी। इसके बाद सोमवार को नगर आयुक्त ने अधिकारियों को मौके पर भेजा था। अब नगर निगम जोन तीन के अधिशासी अभियंता ने वारसी मटन शॉप, अचिन सोनकर, मुन्ना, गोरे, वेलकम चिकन शॉप, आरिफ सेनेटरी हार्डवेयर, जरीना बेगम, रोशन जहां, राजू भाई, निजामुद्दीन वारिस ब्यूटी पार्लर, डायमंड ज्वैलर्स, शब्बू, जय मां दुर्गा ज्वैलर्स को नोटिस दिया गया। इसमें चेताया कि 15 दिन में अतिक्रमण हटा लें अन्यथा अतिक्रमण हटाने में आने वाला खर्च वसूला जाएगा। इससे पहले एक जनवरी को भी नोटिस जारी किया गया था। वहीं, गुरुवार को कई दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर तोड़ते हुए दिखाई दिए। अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि नोटिस भेजे गए हैं। समय अवधि बीत जाने के बाद अभियान चलाया गया जाएगा।