फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: पावर हाउस पहुंचे लोग, बिजली कटौती बंद करो के लगाए नारे

Fri, 22 May 2026 02:07 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर देहात/राजपुर। तपिश भरी गर्मी लोगों को झुलसा रही है। वहीं, नगर से लेकर ग्रामीण इलाकों की बिजली व्यवस्था बेपटरी हो गई है। राजपुर के भाल गांव के लोगों ने बिजली कटौती के विरोध में बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे राजपुर पावर हाउस पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। बिजली कटौती बंद करो के नारे लगाए।
विज्ञापन

गर्मी की वजह से ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद उन्हें बदलने की सुध नहीं ली जा रही हैं तो कहीं फॉल्ट ठीक करने में घंटों लग रहे। कई इलाकों में बुधवार रात से लेकर गुरुवार दोपहर तक बिजली गुल रही तो कहीं कई दिन बीत जाने के बाद भी आपूर्ति चालू नहीं हो सकी। अघोषित कटौती और फॉल्ट से परेशान लोगों का गुस्सा फूट रहा है। बृहस्पतिवार को भाल गांव के ग्रामीणों ने राजपुर पावर हाउस पहुंच कर बिजली कटौती के खिलाफ प्रदर्शन किया।
ग्रामीण सूरज, धर्मेंद्र कुमार, प्रदीप, मोहित, सौरभ, नितिन, मोहित सिंह, मनोज सिंह ने बताया कि भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। बुधवार की पूरी रात बिजली की आंख-मिचौली चलती रही। जागकर रात गुजारनी पड़ी। विभागीय अधिकारियों के फोन नहीं उठे, इससे समस्या और गंभीर हो गई। बिजली न आने से पानी की टंकी नहीं भर पाई है। इससे पानी की समस्या उत्पन्न हुई। बिजली घर में नारेबाजी कर रहे ग्रामीणों की एसएसओ जितेंद्र ने विभागीय अधिकारियों से फोन पर वार्ता कराई। अफसरों ने ग्रामीणों को अनावश्यक बिजली कटौती नहीं किए जाने का आश्वासन देकर शांत कराया। इस पर ग्रामीण वापस लौट गए। राजपुर उपकेंद्र के जेई राहुल साहू ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण इस समय विद्युत लाइनों पर ओवरलोडिंग की समस्या बनी हुई है। इससे फॉल्ट होने पर ट्रिपिंग की समस्या है।
विज्ञापन

..............................
केबल जलने से 50 घरों की डेढ़ घंटे गुल रही बिजली
राजपुर के पटेल नगर स्थित बस अड्डे के निकट बुधवार रात नौ बजे बरगद के पेड़ के ऊपर से गुजरी पीबीसी केबल अचानक धूं-धूंकर जलने लगी। जिससे मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। केबल से आग की लपट देख लोग सकते में आ गए। लोगों ने बिजली कार्यालय को इसकी सूचना देकर आपूर्ति बंद कराया। सूचना पर पहुंचे बिजली कर्मचारियों ने जली केबल बदलकर आपूर्ति चालू की। इस दौरान करीब 50 घरों की डेढ़ घंटे आपूर्ति ठप रही।
..........................
सिकंदरा के 40 घरों में पूरी रात नहीं आई बिजली

सिकंदरा कस्बा में बुधवार रात 12 बजे पटेल चौक के निकट रखे 400 केवी ट्रांसफार्मर के पोल की पीसीसी केबल जलकर आपस में जुड़ गई। इससे शास्त्री नगर का फेस उड़ गया। इस ट्रांसफार्मर से जुड़े 40 घरों की आपूर्ति पूरी रात ठप रही। आधी बस्ती में बिजली गुल होने से भीषण गर्मी में बेहाल हुए लोग बड़ी संख्या में घरों से निकलकर सड़क पर आ गए। बिजली उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को फेस गुल होने की समस्या बताई। सिकंदरा उपकेंद्र के जेई अभिषेक साहू ने बताया कि ओवरलोड के चलते फॉल्ट की समस्या बढ़ी है। क्षतिग्रस्त केबलों को बदलने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
...................
फोटो-09- झींझक में फॉल्ट ठीक करता लाइनमैन। संवाद
फॉल्ट से सवा दो घंटे गुल रही 100 गांवों की बिजली
झींझक। कठिका पारेषण केंद्र से न्यू झींझक विद्युत उपकेंद्र को आने वाली 33 केवी लाइन में गुरुवार सुबह 9:10 बजे फॉल्ट होने से आपूर्ति गुल हो गई। फॉल्ट के चलते नगर के भोला नगर और नेहरू नगर मोहल्लों के अलावा मंगलपुर, अकारू, औरंगाबाद व बान फीडरों से जुड़े मुंडेरा, मंगलपुर, सुरासी, परजनी, शाहपुर, गौरी समेत करीब 100 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सूचना पर विद्युत कर्मियों ने लाइन की पेट्रोलिंग शुरू की। जांच के दौरान अक्षयवट धाम के पास जंफर में खराबी मिली। लाइनमैनों ने मरम्मत कर फॉल्ट दुरुस्त किया। जिसके बाद सुबह 11:30 बजे सप्लाई बहाल हो सकी। एसडीओ लव कुमार वर्मा ने बताया कि 33 केवी लाइन में फॉल्ट आने से आपूर्ति बाधित हुई थी। जिसे ठीक कर बहाल करा दिया गया है। (संवाद)
.........................
फोटो-10 सरगांव फुंका लगा ट्रांसफार्मर। संवाद
नहीं बदले गए फुंके ट्रांसफार्मर, आपूर्ति ठप
डेरापुर। कस्बे के ग्रामीण व नगरीय विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में बिजली व्यवस्था बेपटरी है। डेरापुर कस्बा के मुजीब अहमद, परवेज अंसारी, विजय शर्मा, सभासद संदीप व रवि द्विवेदी आदि ने बताया कि बुधवार-गुरुवार की रात दो बार बिजली आपूर्ति बाधित रही। करीब तीन घंटे तक बिजली कटौती होने से लोगों को अंधेरे में रात बितानी पड़ी। जेई विवेक चौबे ने बताया कि रोस्टर के अनुसार कटौती की गई है। वहीं अयोध्यापुरवा के ग्रामीण राधा, राजू, सुनहरी और मोहन ने बताया कि उनके मोहल्ले का ट्रांसफार्मर नौ मार्च को फुंक गया था। मार्च के अंतिम सप्ताह में नया ट्रांसफार्मर लगाया गया लेकिन वह भी दूसरे दिन फुंक गया। सूचना देने के बावजूद अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को बिजली सुविधा नहीं मिल पा रही है। सरगंवा खुर्द के प्रधान मुन्ना सिंह यादव ने बताया कि अनुसूचित जाति बस्ती में लगा ट्रांसफार्मर काफी समय से फुंका पड़ा है। कई बार शिकायत के बाद भी उसे बदला नहीं गया। उदनापुर गांव में दारा सिंह के मोहल्ले में लगा ट्रांसफार्मर भी कई दिनों से फुंका पड़ा है। इस संबंध में जेई आरएस वर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
.....................................
एचटी लाइन में फॉल्ट, पूरी रात ठप रही गहलौं की बिजली
रूरा। नहर के उपकेंद्र से जुड़े नकसिया गांव में बुधवार रात 10 बजे के करीब 16 केवी ट्रांसफार्मर के पास से निकली एचटी लाइन में फॉल्ट हो गया। इससे गहलौं फीडर से जुड़े गहलौं और प्रेमपुर गांव की आपूर्ति ठप हो गई। लाइनमैनों के द्वारा देर रात पेट्रोलिंग करने के बाद भी फॉल्ट नहीं मिला। इससे बिजली बाधित रही। ग्रामीण प्रशांत शर्मा, मनोज गुप्ता व विवेक कुशवाहा आदि ने बताया कि पूरी रात बिजली न आने के कारण टहलते हुए रात काटनी पड़ी। घरों में लगे इन्वर्टर भी ठप हो गए। जेई नीतिल उपाध्याय ने बताया कि नकसिया के पास फॉल्ट होने से आपूर्ति ठप रही थी। बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे के करीब आपूर्ति बहाल करा दी गई। (संवाद)
.......................
बिजली न आने पर लोगों ने टहल कर गुजारी रात
पुखरायां। ग्रामीण क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। मुतैहरापुर उपकेंद्र के सिहारी निवासी राजकुमार द्विवेदी, मोहम्मदपुर के साकेत सिंह, मलासा के किशनपाल सिंह व अशोक और बरौर उपकेंद्र के निगोही निवासी बबोले, शिवप्रसाद मिश्र, केशी के अली अख्तर, जलालपुर के संतोष कुमार सचान सहित उपभोक्ताओं ने बताया कि बुधवार शाम सात बजे बिजली आई और एक घंटे बाद आठ बजे चली गई। वहीं, रात 2.20 पर बिजली आई और तीन बजे फिर चली गई। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी में टहलकर रात काटनी पड़ी। इधर सुबह साढ़े चार बजे बिजली आई जो दिन में 11 बजे तक रही। अधिशासी अधिकारी पुखरायां आलोक प्रकाश ने बताया रोस्टर के अनुसार सप्लाई बंद होती है। इसके अलावा फॉल्ट होने पर सप्लाई प्रभावित होती है। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें