यूपी के कानपुर में गोविंदनगर स्थित एक नर्सिंगहोम में गुरुवार सुबह प्रसूता की मौत पर परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगा हंगामा किया। बवाल की सूचना पर गोविंदनगर, किदवई नगर और नौबस्ता थानों का फोर्स पहुंचा और कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।
कानपुर देहात के डेरापुर निवासी मोहित सोनी लखनऊ के नाका थाने में सिपाही के पद पर तैनात है। बुधवार रात प्रसव पीड़ा होने पर मोहित ने पत्नी प्रियंका (27) को नर्सिंगहोम में भर्ती कराया था। ऑपरेशन से प्रियंका ने बेटे को जन्म दिया।
मोहित के मुताबिक ऑपरेशन के कुछ देर बाद पेट में दर्द उठने से प्रियंका की हालत बिगड़ती चली गई, लेकिन डॉक्टरों ने कोई ध्यान नहीं दिया। इससे उसकी मौत हो गई। गोविंद नगर थाना प्रभारी संजीव कांत मिश्रा का कहना है कि मृतका के परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।