फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फर्रुखाबाद: पेंशनर्स एसोसिएशन अध्यक्ष की कोरोना से मौत, मृत्यु प्रमाणपत्र को लेकर हंगामा

Mon, 09 Nov 2020 12:10 AM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, फर्रुखाबाद
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
विज्ञापन
कोरोना संक्रमित पेंशनर्स एसोसिएशन अध्यक्ष को रविवार तड़के फतेहगढ़ स्थित एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। सुबह सीएमओ को मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए फोन किया गया। उन्होंने कहा कि ब्राड डेड (मृत अवस्था) आने की वजह से प्रमाणपत्र नहीं बनेगा।
विज्ञापन


इस पर फार्मासिस्ट एकजुट हो गए और एल-2 अस्पताल में हंगामा कर दिया। दोपहर में सीएमओ ने एल 2 अस्पताल में भर्ती दिखाकर मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाया। तब मामला शांत हुआ। आवास विकास कालोनी निवासी पेंशनर्स एसोसिएशन अध्यक्ष शेषनारायण सचान चार-पांच दिन से बुखार से पीड़ित थे।

शनिवार को उन्होंने लोहिया अस्पताल में कोरोना जांच कराई। इसमें वे पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद उन्हें आवास विकास के ही एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया। रात में उनकी हालत बिगड़ गई। आक्सीजन भी घटने लगी तो डॉक्टर ने बाहर ले जाने की सलाह दी।
विज्ञापन


सूचना पर डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन अध्यक्ष चक्रसिंह करीब 4.30 बजे आवास विकास पहुंचे। वे मरीज को फतेहगढ़ के एल-2 अस्पताल ले गए। वहां आक्सीजन लगाई गई। करीब 15 मिनट चले इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

सुबह फार्मासिस्ट जितेंद्र सिंह ने सीएमओ को फोन कर मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने और कोविड-19 नियमों के तहत शव सील कराने को कहा। इस पर सीएमओ ने कहा कि एल-2 अस्पताल में मरीज मृत अवस्था में आया तो मृत्यु प्रमाणपत्र कैसे बनेगा।

इस पर बात बिगड़ गई और फार्मासिस्ट व अन्य कर्मचारी लामबंद होकर एल-2 अस्पताल पहुंचे और हंगामा किया। दोपहर करीब 12 बजे सीएमओ पहुंचीं और फार्मासिस्टों से वार्ता की। सीएमओ के साथ आए डिप्टी सीएमओ डा.राजीव शाक्य ने अस्पताल के डॉक्टर से जानकारी ली तो पता चला कि ऑक्सीजन लगाने के कुछ देर बाद ही मौत हो गई।

इस पर उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में भर्ती दिखाकर मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करो। इस पर मामला शांत हुआ। इस बीच शव पोस्टमार्टम हाउस के डीप फ्रीजर में रखवा दिया गया। सीएमओ डा.वंदना सिंह ने बताया कि मृत्यु प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया। कोई विवाद या हंगामा नहीं हुआ। 
विज्ञापन

बेटे के इंतजार में शाम को हुआ अंतिम संस्कार 
शेष नारायण डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के संरक्षक भी थे। वह फार्मेसी कौंसिल आफ इंडिया के पूर्व वाइस चेयरमैन और राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के पूर्व मंत्री भी थे। उनका बड़ा बेटा मोनू उर्फ अमित बंगलूरू में इंजीनियर है। शाम तक बेटे के न पहुंचने पर छोटे बेटे सोनू ने अंतिम संस्कार किया। उनकी पत्नी प्रबोधनी रो-रोकर बेहाल हो गईं। इस दौरान रजनेश यादव, राममोहन कटियार, अरविंद प्रजापति, वीबी कटियार आदि मौजूद रहे।

कोरोना से 16 और संक्रमित 
जनपद में रविवार को 17 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसमें पेंशनर्स एसोसिएशन अध्यक्ष का भी नाम शामिल था। उनकी मौत होने से ये संख्या 16 रह गई हैॅ। अब तक जिले में 4044 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 3792 लोग ठीक हो चुके, जबकि 193 केस एक्टिव हैं। अब तक कुल 62 लोग कोरोना के कारण जान गंवा चुके हैं। 

दरौरा व ताजपुर में नहीं हुई कोरोना जांच
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दरौरा व ताजपुर में रविवार को कोरोना जांच नहीं की गई। वहीं सीएचसी कमालगंज में 31, पीएचसी जहानगंज में 14 लोगों की जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीम ने कमालगंज के ग्रामीण क्षेत्र में 69 लोगों की जांच की। कुल 114 लोगों में से किसी की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें