इटावा। वृद्धावस्था पेंशन की वेबसाइट बंद होने से बुजुर्गों को परेशान होना पड़ रहा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में बुजुर्ग समाज कल्याण विभाग के कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। विभागीय कर्मचारी व अधिकारी जल्द ही समस्या के समाधान की बात कहकर बुजुर्गों को टरका देते हैं। हालांकि विभाग की ओर से बुजुर्गों को कोई निश्चित समय नहीं बताया जा रहा है।
जिले में दूसरी किश्त के तहत सितंबर में 62,990 लाभार्थियों को वृद्धावस्था पेंशन जारी की गई थी। तृतीय किश्त के लिए 73,479 लोगों की सूची नवंबर में भेजी गई है। बीती 17 दिसंबर से वृद्धावस्था पेंशन की वेबसाइट में गड़बड़ी चल रही है। कलक्ट्रेट में स्थित जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय में प्रतिदिन 130 से 150 बुजुर्ग पेंशन संबंधी जानकारी के लिए आते हैं, लेकिन उन्हें वेबसाइट न चलने की बात कहकर लौटा दिया जाता है। विभाग की ओर खिड़की पर प्रतिदिन नोटिस लगाया जाता है, लेकिन वेबसाइट कब सही होगी इसकी कोई जानकारी विभाग के किसी भी कर्मचारी को नहीं है।