हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नयागांव तिराहे के निकट शनिवार रात पीआरवी टीम द्वारा वाहन के कागज मांगने पर भड़के पिकअप सवारों ने टीम पर हमला बोल दिया। सिपाही और होमगार्ड की जमकर पिटाई की। बाइक में टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। सिपाही की तहरीर पर 12 अज्ञात लोगों के विरुद्ध सरकारी काम में बाधा डालने, मारपीट सहित कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
यूपी 100 बाइक पीआरवी पर तैनात सिपाही छविराम और होमगार्ड आदेश कुमार को शनिवार रात साढ़े ग्यारह बजे संदिग्ध पिकअप नयागांव तिराहे के निकट नजर आई। इस पर पीआरवी ने पीछा कर पिकअप रुकवा ली। पिकअप चालक से कागज मांगे तो उसने इनकार कर दिया। इसके बाद पिकअप सवार 10-12 लोग नीचे उतर आए और पुलिस टीम पर रौब झाड़ने लगे।
उन्होंने सिपाही छविराम और होमगार्ड आदेश कुमार को पीटना शुरू कर दिया। दोनों ने बचकर भागने की कोशिश की तो पिकअप से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। सिपाही और होमगार्ड के गिरने पर पिकअप सवार लोगों ने दोबारा मारपीट की और फरार हो गए। घटना की सूचना सिपाही ने उच्चाधिकारियों को दी तो पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पुलिस कर्मियों को टीम अस्पताल ले गई और मेडिकल कराया। 12 लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।