सिंचाई विभाग में दैनिक वेतन भोगी बेलदार रहे ओमप्रकाश सैनी ने 25 साल बाद अपनी मजदूरी पाने की जंग आखिर जीत ली है। उनकी मजदूरी के भुगतान के लिए सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) की जीप कुर्क कर ली गई है। अब 27 फरवरी को जीप की नीलामी कर मजदूरी का भुगतान किया जाएगा।
बर्रा छह निवासी ओमप्रकाश फूलबाग स्थित सिंचाई विभाग में एक सितंबर 1981 को बेलदार के पद पर भर्ती हुए थे। 28 फरवरी 1991 को उन्हें हटा दिया गया लेकिन उनका बकाया 53 हजार 904 रुपये का भुगतान नहीं किया गया। काफी प्रयास के बाद भी विभाग से बकाया नहीं मिला तो 2010 में ओमप्रकाश ने लेबर कोर्ट की शरण ली। 2015 में लेबर कोर्ट ने ओमप्रकाश के पक्ष में फैसला सुनाते हुए भुगतान का आदेश दिया।
इसके बावजूद बकाया न मिलने पर ओमप्रकाश हाईकोर्ट पहुंचे। हाईकोर्ट ने सिंचाई विभाग की संपत्ति कुर्क कर मजदूरी दिलाने का आदेश दिया। इस पर सिंचाई विभाग के खिलाफ तहसील को आरसी दी गई। इसके बावजूद संपत्ति कुर्क कर भुगतान नहीं हुआ तो हाईकोर्ट ने तहसील के अफसर तलब किए।
इसके बाद तहसील ने मजदूरी भुगतान कराने की प्रक्रिया में तेजी दिखाई। नायब तहसीलदार ज्ञानेंद्र द्विवेदी ने बताया कि एक्सईएन की जीप कुर्क कर ली गई है। 27 फरवरी को इसकी नीलामी के बाद ओमप्रकाश को मजदूरी का भुगतान कर दिया जाएगा।