राजावत अस्पताल में लगी आग को बुझाते दमकल कर्मी
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर देहात अकबरपुर के राजावत अस्पताल में शनिवार दोपहर शार्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। आग के कारण पूरा अस्पताल धुएं से भर उठा। बचने के लिए तीमारदार और मरीज अस्पताल की छत पर भागने लगे। जिससे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। थोड़ी देर में पहुंची दमकल गाड़ी ने आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि सभी मरीज, तीमारदार और हास्पिटल स्टाफ को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल लिया गया।
फर्श पर लेटे मरीजों से पुलिस ने की पूछताछ
छत की फर्श पर लेटे मरीजों से पूछताछ करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
हादसे के बाद अस्पताल से बाहर निकले मुसईपुरवा निवासी मरीज कमल सिंह, सिलहौला बुजुर्ग निवासी मरीज संघप्रेमी ने बताया कि वार्ड में धुआं भरने से घुटन का अहसास हुआ। तभी आग की सूचना पर उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। छत की फर्श पर लेटे मरीजों से पुलिस ने पूछताछ की।
आग बुझने के बाद नवजात और उसकी मां ने ली राहत की सांस
छत की फर्श पर नवजात के साथ लेटी प्रसूता
- फोटो : अमर उजाला
अस्पताल में आग लगने के बाद अफरा-तफरी के बीच कुछ मरीज तो बाहर निकलने में कामयाब रहे लेकिन गंभीर मरीज बाहर निकलने का रास्ता न देख सीढ़ी के सहारे छत की ओर जान बचाने के लिए भागे। इस दौरान हाल में आपरेशन से डिलीवरी हुई नवजात और प्रसूता को अस्पताल की छत पर लिटाया गया। आग पर काबू पाने के बाद पुलिस कर्मी उन्हें नीचे लाए। अग्रिशमन अधिकारी शिवदरस प्रसाद ने बताया कि अस्पताल में आग बुझाने के पर्याप्त यंत्र नहीं मिले हैं। पूर्व में इसको लेकर कई बार नोटिस दी गई थी।
सड़क किनारे फुटपाथ पर लिटा दिए गए मरीज
सड़क किनारे तख्त व बेंचों पर लेटे मरीज
- फोटो : अमर उजाला
मरीज लक्ष्मी, अश्वेंद्र, ओम यादव आदि ने बताया कि बीमारी की हालत में वह घंटों सड़क किनारे पड़े रहे। अग्रिशमन अधिकारी शिवदरस प्रसाद ने एक यंत्र को चलाकर देखा। जो नहीं चला। सभी उपकरण एक्सपायरी डेट के मिले।