कानपुर। वित्तविहीन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शिक्षा निदेशक (बेसिक) ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर सात दिन के भीतर वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों की सत्यापित सूचना हार्ड और सॉफ्ट कॉपी में उपलब्ध कराने के लिए कहा है। इस कड़ी में जिले में बेसिक शिक्षा से जुड़े 2,242 विद्यालयों के करीब 8990 लोगों को यह सुविधा मिलेगी।
योजना का लाभ लेने के लिए शिक्षकों को निर्धारित पोर्टल पर अपना और अपने आश्रितों का विवरण आधार कार्ड के अुनसार दर्ज कर पंजीकरण करना होगा। आवेदन पहले संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक के पास सत्यापन के लिए जाएगा। प्रधानाध्यापक शिक्षक की नियुक्ति नियमानुसार होने और उसके लगातार कार्यरत होने की जांच के बाद आवेदन खंड शिक्षा अधिकारी को भेजेंगे। इसके बाद बीईओ आवेदन का सत्यापन कर बीएसए को अंतिम अनुमोदन के लिए भेजेंगे। बीएसए हरिओम सिंह ने बताया कि यदि कोई शिक्षक विद्यालय से अलग हो जाता है तो प्रधानाध्यापक को बीईओ के माध्यम से तत्काल सूचना देनी होगी ताकि उसे योजना से बाहर किया जा सके।