मूसानगर। श्री द्यूल बाबा क्रिकेट क्लब की ओर से पुलंदर में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत रविवार को पातेपुर और डेरापुर के बीच मुकाबला खेला गया। रोमांचक मैच में डेरापुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 82 रन से पातेपुर को पराजित कर जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पातेपुर की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी डेरापुर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। डेरापुर की ओर से रोहित अरोड़ा ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए मात्र 39 गेंदों में शतक जड़ा और 105 रन बनाए। उनकी आक्रामक पारी से मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और दर्शक झूम उठे।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पातेपुर की टीम डेरापुर के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 17 ओवर में 169 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह डेरापुर की टीम ने मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए डेरापुर के खिलाड़ी रोहित अरोड़ा को आयोजक मंडल की ओर से मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।