कानपुर। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित कानपुर क्रिकेट लीग में पहले दिन रविवार को पटेल प्रॉपर्टीज ने क्रेजी रेंजर्स को 49 रन से और जीटीबी वॉरियर्स ने नाइट स्काचर्स को 45 रन से हराया।
राहुल सप्रू मैदान पर हुए मैच में पटेल प्रॉपर्टीज टीम ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट पर 192 रन बनाए। टीम से गौरव पाठक ने 82, अंकुल ने 48 और देवेंद्र ने 21 रन की पारी खेली। वहीं क्रेजी रेंजर्स की टीम 19.4 ओवर में 143 रन पर ऑल आउट हो गई। गेंदबाजी में रामसिंह और विकास भारती ने तीन-तीन, जबकि सौरभ सिंह ने दो विकेट लिए। गौरव पाठक को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मैच में जीटीबी वॉरियर्स ने 20 ओवर में चार विकेट पर 210 रन बनाए। टीम से चेतन सिंह ने 82, अभिनव शर्मा ने 38 और निहाल अहमद ने 31 रन बनाए। वहीं नाइट स्काचर्स टीम 19.3 ओवर में 126 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम से उमा शंकर ने 47 और गौरव ने 26 रन बनाए। गेंदबाजी में दिनेश और संतोष ने दो-दो विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच चेतन सिंह रहे।