पासपोर्ट प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए गाइड लाइन बनाई गई है। इसके जारी होते ही पुलिस वेरिफिकेशन में समय बर्बाद नहीं होगा। साथ ही एक सप्ताह के अंदर पासपोर्ट आप के हाथ में होगा। अब ऑनलाइन आवेदन के दौरान आधार कार्ड, वोटर आईडी और पैन कार्ड की स्कैन कॉपी लगानी होगी। फॉर्मेट एनेक्सचर-1 के साथ ही शपथ पत्र (नागरिकता की घोषणा, फैमिली डिटेलस) ऑफिस में जमा करना होगा।
दरअसल, पुलिस वेरीफिकेशन में समय लगने की वजह से लोगों के पासपोर्ट बनने में करीब एक महीना लग जाता था। अब पासपोर्ट जारी होने के बाद पुलिस वेरीफिकेशन होगा। पासपोर्ट केंद्र आधार नंबर की वैद्यता की जांच ऑनलाइन करेगा। इसके बाद वोटर आईडी और पैन कार्ड की जांच की जरूरत नहीं होगी। साधारण पासपोर्ट के आवेदन को 1500 रुपये व तत्काल की 3500 रुपये फीस है।
कोका कोला चौराहा स्थित विशाल मेगा माल में खुले पासपोर्ट आफिस में भी आकर आप आवेदन कर सकते हैं। क्षेत्रीय पासपोर्ट आफिसर अजय रस्तोगी का कहना है कि गाइड लाइन अभी लागू नहीं हुई है। इसके जनवरी 2017 के तीसरे सप्ताह से लागू होने की उम्मीद है। नई गाइड लाइन के प्रभावी होने से विदेश की यात्रा करने वालों को राहत मिलना तय है।
रोज आते हैं 600 आवेदन
विशाल मेगा माल में खुले पासपोर्ट आफिस में कानपुर के अलावा करीब 20 जिलों के लोग आते हैं। आफिस में प्रतिदिन 600 आवेदन स्वीकार किए जाते हैं।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
passportindia.gov.in पर जाकर आप आवेदन कर सकते हैं। फार्म भरने के साथ-साथ आधार कार्ड, वोटर आईडी और पैन कार्ड की स्कैन कॉपी भी लगाएं। नगर निगम का बर्थ सर्टिफिकेट और हाईस्कूल के सर्टिफिकेट की स्कैन कॉपी नहीं लगानी पड़ेगा। तारीख मिलने पर ओरीजनल डॉक्यूमेंट के साथ पासपोर्ट ऑफिस जाना होगा।