कानपुर। होली पर घर जाने वालों की भीड़ मंगलवार दोपहर तक ट्रेनों में रही लेकिन दोपहर बाद मुंबई और हावड़ा रूट से आईं ट्रेनों में सीटें खाली रहीं। शाम होते-होते स्टेशन परिसर पर यात्रियों की भीड़ न के बराबर रह गई। इस दौरान आरपीएफ और जीआरपी के जवान सेंट्रल स्टेशन पर सक्रिय रहे।
तीन दिन से लगातार चल रहा यात्री लोड मंगलवार दोपहर बाद से कम होने लगा। इस वजह से चौरीचौरी, चित्रकूट एक्सप्रेस, गोमती एक्सप्रेस, ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस, आम्रपाली एक्सप्रेस, पुष्पक एक्सप्रेस ट्रेनों में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की नहीं दिखी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि स्पेशल ट्रेनों के चलने से यात्रियों का लोड नियंत्रित रहा। कुछ दिनों को छोड़ दें तो यात्रियों का त्योहार पर सफर सकुशल रहा। 12004 स्वर्ण शताब्दी में दिल्ली जाने के लिए 100 से अधिक सीटें खाली रही। बुधवार को शताब्दी और स्वर्ण शताब्दी के हर क्लास में 300 से अधिक सीटें खाली हैं। नंदन कानन, जोधपुर-हावड़ा, बाड़मेर सहित 12-15 ट्रेनों में भी ऐसी ही स्थिति है लेकिन पांच मार्च की शाम से दिल्ली, मुंबई जाने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग है।
सेंट्रल स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में खड़े दंपती प्लेटफार्म नंबर छह पर जाने के लिए सीढ़ियों की ओर बढ़े तो महिला ने पैरों में दर्द की बात कही। ऐसे में युवक उसे गोद में उठा कर रेलवे ट्रैक पर उतर गया। इसके बाद ट्रैक फांद कर छह नंबर प्लेटफॉर्म तक पहुंचा। कई यात्रियों ने उसे रोकने का प्रयास भी किया लेकिन युवक ने किसी की नहीं सुनी।
सीमांचल एक्सप्रेस में वेंडर्स ने सीटों पर कब्जा कर लिया। जनरल कोच की करीब छह-सात सीटों पर वेंडरों ने पानी व शीतल पेय की बोतलों के साथ अपना अन्य सामान रख दिया। बिहार के रहने वाले रोहन, मेहताब सहित अन्य यात्रियों ने आरोप लगाते हुए बताया कि ये वेंडर सीट देने के नाम पर हर यात्री से सौ-सौ रुपये वसूल रहे थे। आरपीएफ जवानों ने इनसे सीट से सामान हटाने को कहा भी लेकिन वेंडर्स ने अनसुना कर दिया और ट्रेन रवाना हो गई।
दिल्ली के लिए कल से 100 बसें
कानपुर। रोडवेज प्रबंधन यात्रियों की वापसी के लिए छह मार्च से 100 अतिरिक्त बसों का संचालन दिल्ली से करेगा। पूर्वांचल के लिए 70 तो लखनऊ रूट पर भी 91 बसें चलाई जाएंगी। लखनऊ के लिए हर पांच मिनट तो दिल्ली रूट पर हर 30 मिनट में झकरकटी से बस उपलब्ध होगी। आगरा, मेरठ, बुलंदशहर के लिए भी अतिरिक्त बसें लोड के हिसाब से चलाई जाएगी। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक महेश कुमार ने बताया कि नौ मार्च तक अतिरिक्त बसों का संचालन हर रूट पर कराया जा रहा है। (संवाद)