तैराकी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले पार्थ व माही।
- फोटो : संगठन
कानपुर। 69वीं मंडलीय तैराकी प्रतियोगिता बुधवार को फूलबाग स्थित यूनियन क्लब में हुई। इसमें 50 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कानपुर के पार्थ और माही निषाद ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन-तीन स्वर्ण पदक जीते।
जिला तैराकी संघ के सचिव प्रकाश अवस्थी ने बताया कि छावनी बोर्ड जूनियर हाईस्कूल के पार्थ ने अंडर 14 आयु वर्ग की तीन स्पर्धाओं फ्री स्टाइल, बैक स्ट्रोक व ब्रेस्ट स्ट्रोक में तीन स्वर्ण पदक जीते।
वहीं, एसएन सेन विद्यालय की माही निषाद ने भी तीनों स्पर्धाओं में तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इसी के साथ दोनों खिलाड़ियों का चयन 18 से 20 अगस्त तक लखनऊ में होने वाली प्रदेशस्तरीय तैराकी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। (संवाद)