कानपुर देहात। राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए तैनात अर्द्धसैनिक बल के काफिले में शामिल एक वाहन की चपेट में आकर बच्ची बुरी तरह से घायल हो गई। उपचार के दौरान शाम को उसने हैलट में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पीछे से पहुंचे एसपी ने घायल बच्ची को अपने वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया था। वहां खुद रुपये देकर बाहर से दवाएं भी मंगाई थीं।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात अर्द्धसैनिक बल का काफिला गुरुवार को रूरा की ओर जा रहा था। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के नरिहा गांव के पास गुरुवार दोपहर अचानक नगीनापुर घाटमपुर के राजेश पाल की तीन वर्षीय बच्ची कनिष्का सड़क पार करने लगी। सीआरपीएफ के एक वाहन की चपेट में आकर बच्ची गंभीर रुप से घायल हो गई।
इस दौरान वाहनों का काफिला आगे निकल गया। इस बीच एसपी केशव कुमार चौधरी पीछे से वहां पहुंच गए। वह घायल बच्ची को तत्काल अपने वाहन से जिला अस्पताल ले गए। वहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद 108 एंबुलेंस से हैलट रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान बच्ची के लिए एसपी ने खुद रुपये देकर बाहर से दवाएं मंगाई।
हैलट में उपचार के दौरान शाम को बालिका की मौत हो गई। कोतवाल तुलसीराम पांडेय ने बताया कि किस वाहन से टक्कर हुई है ये स्पष्ट नहीं है। फिलहाल बच्ची को हैलट भेजा गया था। वहां मौत होने की जानकारी मिली है। परिजनों की तहरीर मिलने पर दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।