अयोध्या में महंत नृत्य गोपाल दास के पास पनकी मंदिर विवाद की पंचायत हुई बगल में बैठे महंत जितेंद्र दास, महंत कृष्णदास
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश के कानपुर में स्थित पनकी मंदिर में महंती के विवाद का निपटारा रविवार शाम अयोध्या में मणिराम दास छावनी पीठाधीश्वर महंत नृत्य गोपाल दास की पंचायत में हुआ। महंत नृत्य गोपाल दास ने जितेंद्र दास और कृष्ण दास को पनकी मंदिर का महंत बताकर अपना-अपना कामकाज देखने को कहा। महंत नृत्य गोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास ने इसकी पुष्टि की है।
बताया कि महाराज जी के समक्ष सभी ने विवाद खत्म कर मंदिर संचालन में सहयोग की भावना से काम करने का संकल्प लिया है। पंचायत में श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर श्राइन बोर्ड ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी अमित नारायण त्रिवेदी और मीडिया प्रभारी रामजी त्रिपाठी भी शामिल रहे। इन्होंने दावा किया कि छावनी पीठाधीश्वर ने मंदिर के विकास का आदेश दिया है।
पंचायत में नृत्य गोपाल दास ने महंत जितेंद्र दास और महंत कृष्ण दास को संकल्प दिलाया कि अब आप दोनों अनर्गल बयानबाजी नहीं करेंगे। मंदिर की परंपरा का निर्वहन करते हुए अपनी-अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे। कहा कि महंत का काम मंदिर में पूजा-अर्चना का होता है, न कि बयानबाजी का। इससे मंदिर और महंत की छवि धूमिल होती है।
पनकी मंदिर
- फोटो : amar ujala
मामले में पंचायत महंत जितेंद्र दास शनिवार को ही महंत नृत्य गोपाल दास के पास पहुंचकर पूरे प्रकरण से अवगत कराया था। इसके बाद महंत नृत्य गोपाल दास ने रविवार को पंचायत के लिए महंत कृष्ण दास, महंत अरुण चैतन्य पुरी, दिनेश वाजपेयी को बुलाया।
उधर, श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर श्राइन बोर्ड ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी व मीडिया प्रभारी ने बताया कि महंत जितेंद्र दास का फोन आने के बाद वे दोपहर 12 बजे अयोध्या के लिए निकले। शाम 4:30 बजे वहां पहुंचे। दावा किया कि महंत नृत्य गोपाल दास ने हम सभी की बात सुनी और आशीर्वाद दिया कि मंदिर का कामकाज देखें और विकास करें। छह माह बाद वे अपने उत्तराधिकारी को कानपुर भेजेंगे।
यह है मामला
नौ मई को पनकी मंदिर के बड़े महंत बाबा रमाकांत के गोलोकवासी होने के बाद यहां उनके उत्तराधिकार को लेकर खींचतान शुरू हो गई थी। महंत जितेंद्र दास ब्रह्मचारी महंत की परंपरा की बात कहते हुए पुजारी बालक दास का समर्थन कर रहे थे। वहीं, महंत कृष्ण दास बड़ महंत की वसीयत के आधार पर अपनी दावेदारी कर रहे थे। इसे लेकर दोनों पक्षों में आरोप-प्रत्यारोप भी हुआ। इस बीच, श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर श्राइन बोर्ड ट्रस्ट का गठन भी हो गया।
मणिराम दास छावनी पीठाधीश्वर महंत नृत्य गोपाल दास महाराज का मंतव्य यही है कि सब मिल-जुलकर रहें। इसीलिए दोनों पक्षों की अयोध्या में पंचायत बुलाई गई थी। इसमें सभी ने महाराज जी के समक्ष विवाद खत्म कर मंदिर के संचालन में सहयोग का संकल्प लिया।
महंत कमलनयन दास, उत्तराधिकारी, मणिराम दास छावनी पीठाधीश्वर महंत नृत्य गोपाल दास