कानपुर। रायपुरवा क्षेत्र तेजाब मिल कैंपस निवासी हिस्ट्रीशीटर मनोहर शुक्ला ने डी-टू गैंग के शार्ट शूटर व बसपा नेता पिंटू सेंगर की हत्या में आरोपी टायसन के खिलाफ मंगलवार को कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
दर्ज कराई रिपोर्ट में मनोहर शुक्ला ने बताया कि उन्हें 27 अगस्त 2025 को एसआईटी की जांच कमेटी ने बयान देने के लिए बुलाया था। वहां से शाम करीब पांच से छह बजे के बीच कार से नई सड़क होकर घर लौट रहे थे। इसी दाैरान उनकी कार के बगल में एक बाइक रुकी। वह कुछ समझ पाते इससे पहले ही बाइक सवार ने उनसे कहा कि टायसन की गोली नाम नहीं पूछती है पंडित जी। शिकायत वापस ले लो नहीं तो जान चली जाएगी।
मनोहर शुक्ला के मुताबिक टायसन और उसके साथी डी-टू गैंग के शार्प शूटर हैं। उसका नाम बसपा नेता पिंटू सेंगर की हत्या में आ चुका है। आरोपी भयभीत कर शिकायत वापस लेने के लिए धमका रहे हैं। कोतवाली इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर टायसन की तलाश की जा रही है।