कानपुर के घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव बेंदा में चुनावी नतीजे आने के बाद नाली का विवाद सुलझाने पहुंचे पूर्व प्रधान व नवनिर्वाचित प्रधान के समर्थक देखते ही देखते आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। इस बीच हुए पथराव व फायरिंग में चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया।
वहीं आरोपी पूर्व प्रधान व उसके समर्थकों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मुगल रोड जाम कर दिया। एसडीएम व सीओ सर्किल की फोर्स के साथ पहुंचे। समझाने के बाद करीब 2 घंटे बाद यातायात शुरू हो सका। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। ब्लॉक क्षेत्र के गांव बेंदा के बलवान प्रजापति ने ग्राम प्रधान पद के चुनाव में 34 वोटों से निवर्तमान प्रधान विकास यादव को शिकस्त दी थी।
जिसके बाद से दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच तनातनी का माहौल था। नवनिर्वाचित प्रधान के चचेरे भाई भोला प्रजापति पुत्र ओमकार प्रजापति ने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह नौ बजे वह चाचा राजलाल और कुछ साथियों के साथ गांव के ही गुरुचरन व पंडा प्रजापति को नाली के विवाद को लेकर समझाने गए थे, इस बीच गुरुचरन ने दबाव बनाने के लिए अपने पक्ष से पूर्व प्रधान विकास यादव को फोन कर बुला लिया।
स्कार्पियों व मोटर साइकिलों से विकास यादव अपने समर्थकों वीरसिंह चौधरी, संदीप यादव, रैलेष यादव, बलवान यादव, पुष्पेंद्र लोहार, मकी, जीतू यादव समेत अन्य अज्ञात साथियों के साथ मौके पर आ धमके। आरोप है कि दबंग पूर्व प्रधान व समर्थकों ने गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर जान की धमकी देते हुए लाठी-डंडों से हमला कर पथराव करना शुरू कर दिया। आरोप है कि तभी विकास ने तमंचे से फायर कर दिया।
जिसमें लालू प्रजापति, यश कुमार, बरातीलाल, चेतन व अनिल, राजा व उदयभान घायल हो गए। वहीं घटना से नाराज होकर आरोपी पूर्व प्रधान व समर्थकों की गिरफ्तारी की मांग पर ग्रामीणों ने मुगल रोड जाम कर दिया। एसडीएम अरुण कुमार, सीओ पवन गौतम कोतवाली, सजेती, साढ़ थाने के पुलिस बल व पीएसी के साथ मौके पर पहुंचे।
कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद ग्रामीण व परिजन शांत हुए। तभी करीब दो घंटे बाद यातायात शुरू हो सका। कोतवाली प्रभारी धनेष प्रसाद ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में दबिशें दे रही हैं। करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।