वायर ट्रेन पर बैठे मिस्त्री की मौत
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के चित्रकूट जिले में मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग के मारकुंडी रेल लाइन पर बिछी इलेक्ट्रिक लाइन को चेक करते समय हादसा हो गया। वायर ट्रेन पर बैठे मैकेनिक की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। बोगी सवार अन्य साथी बाल-बाल बचे।
शुक्रवार शाम ठेकेदार एसकेएस कंपनी के कर्मचारियों को लेकर वायर ट्रेन मारकुंडी स्टेशन के आसपास चेकिंग कर रही थी। ट्रेन की बोगी की छत पर चढ़कर कौशांबी के बेदनपुर निवासी सोनू कुमार(22) व अन्य साथी लाइन चेक कर रहे थे। हाथ में लोहे की सामग्री लिए सोनू का हाथ अचानक ऊपर तार से छू गया। जिससे उसे करंट लगा और वह रेल पटरी पर गिर पड़ा। यह देख अन्य साथी बोगी से कूदने लगे। मारकुंडी स्टेशन मास्टर घनश्याम मिश्रा ने बताया कि रेल लाइन पर एक युवक की मौत होने की सूचना मिली है लेकिन उसके साथी वायर ट्रेन से उसे सतना की ओर ले गए हैं।