कानपुर। दरवाजे पर डाटा एक्सपर्ट कंप्यूटर सेंटर के निदेशक दीपक शुक्ला का शव पहुंचते ही उनकी पत्नी नीलम की चीख निकल गई। मां कुसुम बेटे को आखिरी बार निहारकर बिलख उठीं। बेटे सात्विक और बेटी संस्कृति की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। घर में मौजूद रिश्तेदारों में भी चीत्कार मच गई।
कोई उनकी पत्नी को संभाल रहा था तो कोई मां को ढांढस बंधा रहा था। इसी बीच बचपन के दोस्त रंजीत चक्रवर्ती, श्रवण त्रिपाठी, दिलीप बजाज, कमलेश त्रिपाठी, मनीष भी अपने आंसू नहीं रोक सके। हर सुख-दुख में साथ निभाने वाले दोस्त को आखिरी विदाई देते वक्त सभी एक-दूसरे का कंधा पकड़कर बिलखते रहे। यह दृश्य शनिवार को रायपुरवा थानाक्षेत्र के आचार्यनगर निवासी दीपक शुक्ला के शव के घर पर पहुंचने पर देखने को मिला।
शुक्रवार शाम दीपक ने बीमारियों से ऊबकर घर में लोहे के जाल में नायलॉन की रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। शनिवार सुबह वीडियोग्राफी के बीच उनका पोस्टमार्टम कराया गया। करीब दो घंटे की प्रक्रिया के बाद शव परिजन को सौंपा गया। घर पहुंचते ही अंतिम दर्शन के लिए रिश्तेदारों, समाजसेवी, संभ्रांत लोग और परिचितों की भीड़ जुट गई। कुछ देर शव को रोकने के बाद भैरव घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।