कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से घरेलू क्रिकेट सत्र के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की तलाश अंतिम चरण में है। ग्रीनपार्क स्टेडियम, कमला क्लब और द स्पोर्ट्स हब में आयोजित पांच जोन के ट्रायल मुकाबलों के दूसरे दिन मंगलवार को बारिश के कारण खेल देर से शुरू हुआ। मैदान पर उतरने के बाद खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। गेंदबाजों ने अनुशासित लाइन-लेंथ और गति से प्रभावित किया, जबकि बल्लेबाजों ने संयमित बल्लेबाजी के साथ आकर्षक शॉट खेलकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा।
चयन समिति के सदस्य कमलकांत, रंजीत यादव, जाहिद अली, बृजेंद्र यादव और अरविंद सोलंकी ने खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमता का बारीकी से परीक्षण किया। बल्लेबाजों की गेंद को समझने, परिस्थितियों के अनुसार खेलने और शॉट चयन की क्षमता पर विशेष नजर रखी गई। वहीं गेंदबाजों के एक्शन, रफ्तार, लाइन-लेंथ और नियंत्रण का गहन मूल्यांकन किया। खिलाड़ियों को तकनीकी सुधार के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए। बुधवार को ट्रायल मुकाबलों के अंतिम दिन के बाद चैलेंजर ट्रॉफी के लिए संभावित खिलाड़ियों की सूची तैयार की जाएगी। चैलेंजर ट्रॉफी में प्रदर्शन के आधार पर उत्तर प्रदेश की अंडर-19 टीम का चयन किया जाएगा।