घाटमपुर विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव होने से मतदाताओं को खुश करने की हर संभव कोशिश जारी है। चुनाव की वजह से इस क्षेत्र में पिछले एक महीने से लगातार 24 घंटे बिजली दी जा रही है जबकि प्रदेश सरकार की तरफ से गांवों में 18 घंटे और कस्बा, तहसील मुख्यालय में 20 घंटे बिजली देने का रोस्टर है।
19 सितंबर से लागू है व्यवस्था
घाटमपुर तहसील क्षेत्र यूपी पॉवर कारपोरेशन के दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीन आता है। कानपुर नगर में शहरी मुख्यालय क्षेत्र को बिजली केस्को देता है लेकिन घाटमपुर समेत कानपुर नगर के ग्रामीण या कस्बाई क्षेत्रों की बिजली दक्षिणांचल के जिम्मे है। यूपी पॉवर कारपोरेशन ने घाटमपुर चुनाव के मद्देनजर यहां पर 24 घंटे बिजली देने का निर्देश 19 सितंबर को जारी किया है। बिजली आपूर्ति में व्यवधान न हो, इसकी अलग से व्यवस्था की गई है। बिजली आपूर्ति में परेशानी होने पर प्राथमिकता से हल कराया जा रहा है।
उपचुनाव वाले आठ जिलों पर मेहरबानी
प्रदेश की जिन आठ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं, उन्हें 24 घंटे बिजली देने के आदेश हैं। यह आदेश यूपीपीसीएल की प्रणाली नियंत्रण (सिस्टम कंट्रोल) से जारी किया गया है। कानपुर नगर (घाटमपुर सीट), उन्नाव (बांगरमऊ सीट), रामपुर (स्वार सीट), फिरोजाबाद (टूंडला), बुलंदशहर (सदर सीट), अमरोहा (नौगावां सादात सीट), देवरिया (सदर सीट) और जौनपुर (मल्हनी सीट) के लिए उपचुनाव हो रहे हैं।