Orai News: उरई के बघौरा निवासी विजय की एक गेस्ट हाउस में खाना खाने के दौरान संदिग्ध मौत हो गई। जिला अस्पताल में पार्किंग कर्मचारी के रूप में कार्यरत विजय के निधन से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
उरई में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और कोतवाली उरई व फैक्टरी एरिया थाना पुलिस को मामले से अवगत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार बघौरा निवासी विजय (34) जिला अस्पताल में बाइक पार्किंग पर्ची का काम करते थे। बताया जा रहा है कि वह वेलकम गेस्ट हाउस में खाना खाने गए थे।
विज्ञापन
यहां उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। आनन फानन उन्हें संभालने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर पहुंची डायल 112 टीम ने स्थानीय पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद कोतवाली उरई और फैक्टरी एरिया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।