उरई जिले में कानपुर-झांसी हाईवे पर गुरुवार सुबह कोटरा पुल के पास स्कूली बच्चों से भरी ओमनी वैन को पीछे से आ रही डीसीएम ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अनियंत्रित वैन सड़क किनारे खंती में जा गिरी। हादसे के समय वैन में चालक और शिक्षक समेत 13 बच्चे सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। एक बच्चे को चोट लगने पर उपचार के लिए उरई भेजा गया।
हादसे के बाद निजी स्कूलों में बच्चों के परिवहन और उनकी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। एट थाना क्षेत्र के ग्राम कुरकुरु से गुरुवार सुबह करीब नौ बजे ओमनी वैन बच्चों को लेकर एट स्थित अंकुरण प्ले स्कूल जा रही थी। कोटरा पुल के पास पीछे से आ रही डीसीएम ने वैन में टक्कर मार दी। इससे वैन अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे खंती में जा गिरी। हादसे के बाद डीसीएम चालक मौके से भाग निकला। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर राहगीर मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।