http://
मंदिर के घंटे और दानपात्र से नकदी कर दी थी पार
ग्राम उसरगांव स्थित देवपुरा माता मंदिर में 16/17 सितंबर की रात चोरों ने मंदिर से घंटे और दानपात्र से करीब 35 हजार रुपये चोरी कर लिए थे। मामले में अनुराग तिवारी की तहरीर पर कालपी कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए क्षेत्राधिकारी कालपी के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
चेकिंग के दौरान टीम की बदमाशों से मुठभेड़
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को चेकिंग के दौरान टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इसमें संदीप उर्फ नरेंद्र कुमार निवासी ग्राम गौर, थाना भोगनीपुर, कानपुर देहात पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं उसके साथी बलराम निवासी ग्राम गौर और लाला उर्फ लालचंद निवासी ग्राम अंडवा, थाना बरौर, कानपुर देहात को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
मंदिर से चुराए घंटे बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26 छोटे-बड़े पीतल के घंटे और दानपात्र से चोरी की गई रकम में से 11,995 रुपये बरामद किए। इसके अलावा ताला तोड़ने और कुंडा काटने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले सब्बल, कटर, प्लास समेत अन्य उपकरण भी मिले हैं। वारदात में इस्तेमाल होंडा मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद की है।
पूछताछ में कबूली वारदात
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने 16/17 सितंबर की रात देवपुरा माता मंदिर में चोरी करने की बात बताई। उनके अनुसार, चोरी के दौरान ताला तोड़ने और कुंडा काटने के लिए औजार साथ रखते थे। चोरी से मिले माल को बेचकर प्राप्त रकम आपस में बांट लेते थे।
घायल आरोपी पर पहले से दो मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, घायल सन्दीप उर्फ नरेंद्र के खिलाफ कानपुर देहात के बरौर और मूसानगर थानों में चोरी व चोरी का माल रखने से संबंधित दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं। अन्य दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।