कानपुर। परिवारों में बिखराव, बदलता रहन-सहन और अपने से मतलब रखने के कारण लोगों ने बुजुर्गों को दूर कर दिया है। इसके चलते बुजुर्ग घर में अकेले रह रहे हैं। इनमें से कई की घर में ही माैत हो जाती है और इसका किसी को पता नहीं चलता। कौशलपुरी में भी मंगलवार को ऐसा ही मामला सामने आया। यहां अकेले रह रहे बुजुर्ग का चार दिन पुराना शव मिला। इससे पहले भी कई ऐसे मामले हुए। ऐसे बुजुर्गों के लिए ही ऑपरेशन सवेरा चलाया गया था जो सिर्फ कागजों पर ही दाैड़ रहा है और पुलिस कर्मी सो रहे हैं। घरों से बदबू आने पर पड़ोसी ही पुलिस को सूचना देते हैं।
लगभग एक साल में 12 से ज्यादा ऐसे मामले आए हैं। इनमें शहर के अलग-अलग थानाक्षेत्रों में दंपती या फिर अकेले रह रहे वृद्ध या वृद्धा के कई दिन न दिखने और घर से बदबू आने पर पड़ोसियों को शंका हुई। उन्होंने पुलिस को जानकार दी। पुलिस ने जांच पड़ताल की तो अंदर शव मिला। सूचना के बाद इक्का-दुक्का लोग ही पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे और अंतिम संस्कार कराकर इतिश्री कर ली।
पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने हर थानाक्षेत्र में बीट सिपाही को निर्देश दिए थे कि वह अकेले रह रहे वृद्ध-वृद्धा और अन्य का हाल चाल जानेगा। कहीं उसे कोई परेशानी है या काई परेशान कर रहा है तो उसका समाधान कराएगा।
ऑपरेशन सवेरा अभियान के तहत मकानों और फ्लैट में अकेले रहने वाले बुजुर्गों को डायल 112 मिलाकर अपना पंजीकरण कराना होता है। इसके तहत कंट्रोल रूम से उनका नाम, मोबाइल नंबर, उम्र, घर का पता, गूगल मैप पर उनके घर की लोकेशन आदि सुरक्षित करके पंजीकरण की प्रक्रिया को पूरा किया जाता है। इसके बाद संबंधित थाने की यह जिम्मेदारी होती है कि समय-समय पर घर जाकर उनकी समस्याओं को सुनें।
-10 अक्टूबर 2024 : शिक्षिका ममता पांडेय का नवाबगंज में कमरे में मिला पांच दिन पुराना शव।
-28 मई : सेवानिवृत्त शिक्षिका माधुरी शुक्ला का शव बिठूर में मिला था।
-31 मई : काकादेव में दूसरी मंजिल पर बुजुर्ग बहनों सुमन सिंह व प्रेमा चंदेल के शव मिले।
-05 जून : चमनगंज में दंपती छैल बिहारी और उनकी पत्नी सुषमा के शव रसोई घर में मिले।
-07 जून : बर्रा तीन के रहने वाले श्रीचंद्र का शव घर में दरवाजे के पास पड़ा मिला।
-11 जून : नवाबगंज के विष्णुपुरी में कुर्सी पर रानी का शव पड़ा मिला था।
ऑपरेशन सवेरा बुजुर्गों की सुरक्षा और निगरानी के लिए चलाया जा रहा है। थानास्तर से मानिटरिंग की व्यवस्था पहले से लागू है जो पुलिस वाले इसमें लापरवाही बरतेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - आशुतोष कुमार, संयुक्त पुलिस आयुक्त, कानून व्यवस्था