जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन दस्तक’ के तहत रविवार को सफीपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। गौकशी से जुड़े मामलों में संलिप्त 15 व्यक्तियों को थाने बुलाकर उनका सत्यापन किया गया, जबकि तीन लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के निर्देशन में सहायक पुलिस अधीक्षक संचित शर्मा और थाना प्रभारी सुब्रतनरायाण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह अभियान चलाया। इस दौरान संबंधित व्यक्तियों की वर्तमान गतिविधियों और आपराधिक पृष्ठभूमि की गहन जांच की गई।
पुलिस अधिकारियों ने सभी को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि, विशेषकर गौकशी जैसे संवेदनशील मामलों में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्हें कानून का पालन करने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
कार्रवाई के दौरान तीन व्यक्तियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत तत्काल प्रभाव से कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, ‘ऑपरेशन दस्तक’ का उद्देश्य आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की पहचान कर समय रहते उन पर नियंत्रण स्थापित करना और अपराध की पुनरावृत्ति रोकना है। अभियान के जरिए जनपद में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।