कानपुर के मुख्य डाकघर, बड़ा चौराहा में 15 मिनट के अंदर खाता खुलवाया जा सकता है। खाता धारकों को पासबुक के साथ एटीएम भी तत्काल मिलेगा। इसके लिए डाकघर ने विशेष इंतजाम किए हैं। बड़ा चौराहा मुख्य डाकघर के साथ ही कैंट और नवाबगंज मुख्य डाकघर में यह सुविधा उपलब्ध है। उपडाकघरों में भी नए खाते खोले जा रहे हैं, लेकिन एटीएम कार्ड तत्काल नहीं दिया जाएगा। मुख्य डाकघर बड़ा चौराहा में 12 से 17 नवंबर के बीच 430 नए खाते खोले जा चुके हैं। लोगों ने खाते में रुपये जमा करने के साथ ही कैश निकालना भी शुरू कर दिया है। रोजाना औसतन सौ से अधिक नए खाते खोले जा रहे हैं। बड़े नोट बंद होने के बाद से नए खातों में तेजी से इजाफा हुआ है।