कानपुर। चेक बाउंस के दोषी को विशेष न्यायाधीश एनआई एक्ट दिनेश पाल यादव ने एक साल कैद की सजा सुनाई है। उस पर 4,12,500 रुपये जुर्माना भी लगाया है। कैंट के साहनी काॅलोनी निवासी हरिशंकर यादव की आर्यनगर निवासी अंकित धानविक से गहरी दोस्ती थी। अंकित ने घरेलू जरूरतों के लिए हरिशंकर से 5.45 लाख रुपये उधार लिए। रकम चुकता करने के लिए तीन चेक दिए जो बाउंस हो गए। इस पर हरिशंकर ने अंकित को कानूनी नोटिस भेजा तो अंकित ने कुछ समय बाद दोबारा चेक लगाने को कहा। दोबारा चेक लगाने पर फिर से बाउंस हो गया। हरिशंकर ने अंकित के खिलाफ कोर्ट में परिवाद दर्ज कराया था। कोर्ट ने पांच नवंबर को ही अंकित को दोषी करार दे दिया था लेकिन इसके बाद वह कोर्ट से फरार हो गया था। उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। शुक्रवार को वह कोर्ट में हाजिर हुआ तब कोर्ट ने उसका वारंट निरस्त कर उसे सजा सुनाई। (संवाद)
विधानसभा घेराव के लिए कचहरी में बांटे पर्चे
कानपुर। अधिवक्ताओं की मांगों को लेकर कानपुर की बार व लॉयर्स एसोसिएशन के नेतृत्व में प्रदेशभर के अधिवक्ताओं ने शनिवार को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिवक्ता अपने-अपने साधनों बस, ट्रेन व कार आदि से लखनऊ पहुंचेंगे। जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पर एकत्रित होंगे और वहां से शांति मार्च निकालकर विधानसभा पहुंचकर घेराव करेंगे। आंदोलन को सफल बनाने के लिए कचहरी में चेंबर-चेंबर जाकर पम्पलेट बांटे गए। (संवाद)