कानपुर। दीप सिनेमा से सोटे वाले बाबा मंदिर तक सीएम ग्रिड निर्माण में एक सप्ताह में नाले का निर्माण व यूटीलिटी कार्य करने होंगे। ऐसा न होने पर कार्यदायी संस्था के साथ जोन के अवर अभियंता पर भी कार्रवाई होगी। यह बात शुक्रवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने कही।
वह सीएम ग्रिड कार्यों का निरीक्षण करने निकले थे। उन्हें गुंजन स्वीट हाउस के सामने की पट्टी पर नाले का निर्माण और करीब 100-150 मीटर तक फुटपाथ का कार्य पूरा नहीं मिला। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। जोन-5 अंतर्गत वार्ड-02 में गोविंदनगर कच्ची बस्ती में करीब 1.50 किमी का नाला बनना है। इसकी निविदा हो गई लेकिन ठेकेदार संकरी गलियों, जगह कम होने व अतिक्रमण के कारण कार्य नहीं कर रहा है। रेलवे की ओर से पुल की बाउंड्रीवाॅल से नाले को टेप कर दिया गया है जिससे अब केवल इस बस्ती का पानी इसमें डिस्चार्ज होता है। नाला पूरी तरह भरा मिला। नगर आयुक्त ने क्षेत्रीय पार्षद कल्पना राकेश निषाद को 10 दिन के लिए 10 मजदूर नाला सफाई के लिए देने के निर्देश दिए। नाला निर्माण के लिए एक बार फिर एलाइनमेंट चेक कर रिवाइज करते हुए : निविदा कराने के निर्देश दिए। जोनल स्वच्छता अधिकारी को गोविंदनगर कच्ची बस्ती में नियमित सफाई व दवा छिड़काव कराने को कहा।