कानपुर मेडिकल कॉलेज में एक और एमबीबीएस छात्र को स्वाइन फ्लू होने के बाद सारे सीनियर रेजीडेंट डाक्टरों को मॉनीटरिंग के निर्देश दिए गए हैं। छात्रावासों में मास्क वितरित कराए गए हैं। छात्रों से कहा गया है कि मास्क पहनें और एहतियात बरतें। जुकाम-बुखार होने पर फौरन कंसल्टेंट डाक्टर से जांच कराएं।
मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस थर्ड ईयर के छात्र को कुछ दिन पहले स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। यह छात्र गाजियाबाद से लौटकर आया था। इसके बाद मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने ब्वायज हॉस्टल-2 के अन्य छात्रों के संबंध में पता करना शुरू किया। अधिकांश छात्र होली मनाने घर गए हैं।
छात्रों से संपर्क करके पता किया गया तो लखनऊ के रहने वाले एक और छात्र को स्वाइन फ्लू की जानकारी मिली। इस पर कालेज के अधिकारियों ने ब्वायज हॉस्टल जाकर छात्रों को मास्क दिए और एहतियात बरतने के लिए कहा। एमबीबीएस थर्ड ईयर की परीक्षा 25 मार्च से होनी है। रोगी छात्रों को अलग बैठाकर परीक्षा दिलाई जाएगी।