कानपुर। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में टीम इंडिया के स्टार स्पिनर चाइनामैन कुलदीप यादव विकेटों का शतक पूरा करने से मात्र एक कदम दूर हैं। वह 99वें के फेर में ऐसा फंसे हैं कि पिछले तीन मुकाबलों में एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं। उम्मीद है कि पांच मई को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ विकेटों के शतक का कीर्तिमान स्थापित कर लेंगे।
आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से खेल रहे कुलदीप यादव अभी तक कुल 10 मैचों में 12 विकेट ले चुके हैं। पिछले तीन मुकाबलों में उन्हें निराशा हाथ लगी है। इन दोनों में एक मुकाबला 22 अप्रैल को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में भी हुआ था। इसमें उन्होंने चार ओवर में 33 रन दिए थे। वहीं, 27 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरु के खिलाफ भी उन्होंने बिना विकेट लिए चार ओवर में 28 रन दिए। 29 अप्रैल को कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ तीन ओवर में 27 रन दिए, लेकिन विकेट नहीं मिला। वर्ष 2016 से आईपीएल में अपना जलवा बिखेर रहे कुलदीप अभी तक कुल 93 मैच खेल चुके हैं, उन्होंने 8.03 इकोनॉमी से गेंदबाजी करते हुए 99 विकेट हासिल किए हैं। वह विकेटों का शतक लगाने से मात्र एक कदम दूर हैं। दिल्ली कैपिटल्स को कुल 14 लीग मैच खेलने हैं और सभी को उम्मीद है कि कानपुर का यह गेंदबाज पांच मई को उपलब्धि हासिल कर लेगा।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की बात करें तो कुलदीप अभी तक 13 टेस्ट में 56, 113 वनडे में 181 और 40 टी-20 में 69 विकेट लिए हैं। कुलदीप आईपीएल में वर्ष 2016 से लेकर 2020 तक कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) की तरफ से खेलें वहीं वर्ष 2022 से वह दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं। दिल्ली की तरफ से पहले ही सीजन में कुलदीप ने 21 विकेट लेकर अपने आईपीएल कैरियर का सबसे अच्छा प्रदर्शन भी किया था। वहीं वर्ष 2021 में केकेआर की तरफ से उन्हें पूरे सीजन में एक भी मैच खेलने को नहीं मिला, जिसके बाद ही वह दिल्ली का हिस्सा बने।
वर्ष मैच रन विकेट
2016 3 100 6
2017 12 340 12
2018 16 418 17
2019 9 286 4
2020 5 92 1
2022 14 419 21
2023 14 361 10
2025 10 236 12