आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर की गई मरम्मत
- फोटो : अमर उजाला
इटावा में चौबिया के चौपला और ऊसराहार गांव के बीच आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की एक किमी की सड़क धंस गई हैं। मंगलवार को मरम्मत कार्य के चलते दो घंटे तक आगरा जाने वाले मार्ग पर आवागमन नहीं हो सका।
दो दिनों की बारिश का असर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को देखने को मिला। एक्सप्रेसवे पर चैनल नंबर 116 से 117 तक की करीब एक किलोमीटर से ज्यादा सड़क बैठ गई है। यह क्षेत्र में चौपुला और ऊसराहार गांव के बीच है।
सूचना पर एक्सप्रेसवे से जुड़ी कंपनी के मजदूर मशीनों के साथ पहुंचे और मरम्मत का काम शुरू कर दिया। इस वजह से करीब दो घंटे तक आगरा जाने वाली साइड पर वाहनों का आवागमन बंद रहा।
दोनों ओर के वाहनों को दूसरी ओर से गुजारा गया। इधर, एक्सप्रेसवे की कार्यदाई संस्था के अधिकारी ने लखनऊ से बताया कि बारिश की वजह से मिट्टी धंस गई है। मरम्मत कार्य शुरू करा दिया है। जल्द काम दुरुस्त हो जाएगा।