कानपुर देहात में भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव के पास झांसी-कानपुर हाईवे किनारे खड़े डंपर में पीछे से मौरंग लदा ट्रक टकरा गया। दुर्घटना में ट्रक के चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे के बाद हाईवे पर कानपुर जाने वाली लेन पर एक घंटे जाम लगा रहा। डंपर चालक वाहन लेकर भाग गया।
भोगनीपुर क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव के सामने झांसी-कानपुर हाईवे के किनारे बुधवार सुबह डंपर खड़ा था। इसी बीच मौरंग लादकर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक डंपर से टकरा गया। हादसे में ट्रक के केबिन में चालक फंस गया। सूचना पर पुलिस बल के साथ पहुंचे देवीपुर चौकी इंचार्ज भूकेंद्र सिंह ने ट्रक की केबिन फंसे चालक को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला।
इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उसके पास मिले आधार कार्ड से जालौन जिले के पिथउपुर के अजयपाल (35) के रूप में पहचान हुई। सूचना पुलिस ने मृतक के परिजनों को दी। जिला अस्पताल पहुंच कर पिथउपुर गांव के विजयपाल ने मृतक की पहचान अपने छोटे भाई अजय पाल के रूप में की।
शव को देखकर बिलखने लगे। बताया कि अजय उनसे छोटा था। पत्नी सुमन और आठ वर्षीय बेटा विष्णु है। शव देखकर अमरपाल, सर्वेश, जयवीर, वेदप्रकाश बिलखने लगे। इधर, ट्रक को रोड से हटवाने में एक घंटे तक कानपुर जाने की लाइन पर जाम लगा रहा। चौकी इंचार्ज ने बताया कि ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हाईवे पर आवागमन सामान्य करा दिया गया।