हरदोई थाने के जिगिनिया कला गांव में शुक्रवार को ट्रांसफार्मर में आग लग जाने से हाईटेंशन लाइन का करंट लोगों के घरों में दौड़ गया। करंट लगने से एक की मौत हो गई। विभिन्न घरों के पांच लोग झुलस भी गए हैं। लाखों रुपये के बिजली उपकरण फुंक गए। ग्रामीणों ने उपकेंद्र पर तैनात स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
जिगिनिया कला गांव के बाहर 240 वोल्टेज का ट्रांसफार्मर रखा है। ग्रामीणों के अनुसार करीब चार माह से कभी हाई तो कभी लो वोल्टेज आ रहा था। ट्रांसफार्मर से स्पार्किंग भी होती थी। ग्रामीणों के मुताबिक इसकी शिकायत इटौली उपकेंद्र पर दर्ज कराई गई थी, लेकिन विभाग ने मरम्मत नहीं कराई। शुक्रवार को दिन में करीब 3:30 बजे ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा। लोगों के घरों में हाईटेंशन करंट दौड़ गया। बल्ब फूटने पर गांव के राजकुमार (40) ने दौड़कर टीवी का स्विच बंद किया तो झुलस गए।
इसी तरह शिल्पी (28) पत्नी पवन, कल्पना (35) पत्नी रजनीश शुक्ला, फूलमती (60) पत्नी राजेंद्र, किरन (32) पत्नी महेंद्र, ऊषा (30) पत्नी सुनील तिवारी भी झुलस गई। घरों में टीवी, चार्जिंग में लगे मोबाइल आदि लाखों रुपये के उपकरण फुंक गए। गांव के जितेंद्र तिवारी ने घटना के बारे में उपकेंद्र पर सूचना दी। करीब पांच मिनट बाद आपूर्ति बंद की गई। झुलसे लोगों को निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां राजकुमार को मृत घोषित कर दिया गया। सूचना देने के बावजूद गांव में पुलिस नहीं पहुंची थी। थानाध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह का कहना था कि परिजनों की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर पड़ताल कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।